कैमूर: नवरात्रि से ठीक पहले दुर्गा मंदिर में बड़ी चोरी, 15 लाख के आभूषण ले उड़े चोर
September 23, 2026
| रिपोर्टर: परवेज़ खान
भभुआ/कैमूर:नवरात्रि के पावन पर्व की शुरुआत से ठीक पहले बिहार के कैमूर जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। भभुआ के वार्ड नंबर 24 (दक्षिण मोहल्ला) स्थित दुर्गा मंदिर में चोरों ने धावा बोलकर करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया है। त्योहार से ऐन पहले हुई इस घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने माता की प्रतिमा पर चढ़ाए गए बेशकीमती जेवरात, जिनमें मांगटीका, कान के झुमके, नथिया, हार और मुकुट शामिल हैं, पार कर दिए। चोरी की इस दुस्साहसिक घटना का पता बुधवार सुबह करीब 7 बजे चला, जब स्थानीय वार्ड पार्षद परमानंद केसरी को इसकी सूचना मिली।
घटना की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल, पुलिस आसपास के इलाकों और रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की सटीक पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
#Tags:
#Kaimur #Bhabhua #BiharNews #BiharCrime #DurgaTempleTheft #Navratri #KaimurPolice #LatestNewsBihar #CrimeNews
�� आज की खास डील्स व ऑफर्स (Sponsored)