कैमूर में नदी पार करने के दौरान हादसा, बाढ़ के पानी में बहने से 60 वर्षीय वृद्ध की मौत।
September 10, 2026
| रिपोर्टर: परवेज़ खान
अधौरा/कैमूर (भभुआ):- कैमूर जिले के अधौरा थाना क्षेत्र से इस वक्त एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां कर्मा घाट नदी को पार करने के दौरान अचानक आई बाढ़ में बहने से करीब 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई. घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में भी मातम का माहौल है,
मृतक की पहचान अधौरा थाना क्षेत्र के दुघा गांव निवासी जग्गू उरांव, उम्र करीब 60 वर्ष, पिता स्वर्गीय मथुरा उरांव के रूप में हुई है.बताया जा रहा है कि जग्गू उरांव रोज की तरह गाय-भैंस चराने के लिए गए थे, जहां बुधवार की शाम पशुओं को चराने के बाद उन्होंने कर्मा घाट नदी के दूसरी तरफ स्थित गौशाला में सभी पशुओं को बांधा और इसके बाद अपने घर लौटने के लिए नदी की ओर निकले,
इसी दौरान अचानक नदी में बाढ़ का पानी बढ़ गया, जहां नदी पार करने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से जग्गू उरांव अपना संतुलन खो बैठे और पानी के तेज बहाव में बह गए.घटना की जानकारी तत्काल परिजनों को नहीं हो सकी,देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोगों को चिंता हुई,इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में उनकी काफी खोजबीन की,लेकिन रात तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका,
वहीं आज गुरुवार की सुबह कर्मा घाट नदी में ग्रामीणों ने एक शव को पानी में तैरता हुआ देखा, शव की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया, ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी,सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया, इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया,
मृतक के भतीजे जुगेंद्र उरांव ने बताया कि जग्गू उरांव पशुओं को गौशाला में बांधने के बाद घर लौट रहे थे, इसी दौरान नदी में अचानक बाढ़ आ जाने से वह तेज बहाव में बह गए,देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली, वहीं गुरुवार को नदी में उनका शव मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा,
बताया गया कि जग्गू उरांव के दो बेटे थे, जिनमें से एक बेटे की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि एक बेटा अभी जीवित है,परिवार के अनुसार, जग्गू ही घर के खर्च और परिवार की जिम्मेदारियां संभालते थे,उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है,
वहीं, शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है,परिजन लगातार प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं,परिवार ने जिला प्रशासन और सरकार से आपदा के तहत उचित मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके,
घटना ने एक बार फिर बरसात के मौसम में नदी और पहाड़ी इलाकों में बढ़ते जलस्तर तथा तेज बहाव के खतरे को उजागर कर दिया है,स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से ऐसे नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और लोगों को नदी पार करने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
बाइट - जुगेंद्र उरांव मृतक का भतीजा,
�� आज की खास डील्स व ऑफर्स (Sponsored)