कैमूर: इंस्टाग्राम पर हुआ था प्यार, मंदिर में रचाई थी शादी... अब नवविवाहिता ने खाया जहर, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
September 28, 2026
| रिपोर्टर: परवेज़ खान
कैमूर (भभुआ): बिहार के कैमूर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। भगवानपुर थाना क्षेत्र के पहड़ियां गांव में एक नवविवाहिता ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान 22 वर्षीय चंचला कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी पहड़ियां निवासी अमित पासवान से हुई थी। पति-पत्नी के बीच विवाद को इस आत्महत्या की वजह बताया जा रहा है, लेकिन मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी लव स्टोरी, 2025 में हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, चंचला (मूल निवासी- रफीगंज, औरंगाबाद) और अमित पासवान की पहली मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत का सिलसिला प्यार में बदल गया और दोनों ने वर्ष 2025 में प्रेम विवाह कर लिया। मृतका के ससुर रामजी पासवान के मुताबिक, दोनों के रिश्ते को स्वीकार करते हुए बाद में दोनों परिवारों की रजामंदी से कैमूर के प्रसिद्ध मुंडेश्वरी धाम मंदिर में उनकी विधिवत शादी कराई गई थी।
मायके पक्ष का आरोप- दहेज के लिए जहर देकर मारा
चंचला की मौत की खबर मिलते ही औरंगाबाद स्थित उसके मायके में मातम छा गया। मृतका के बहनोई धीरज पासवान ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चंचला के पति, ससुर और गोतनी द्वारा लगातार दहेज की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने और विवाद के चलते ही चंचला को जहर देकर मार डाला गया। मायके पक्ष ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पति की सफाई- बात-बात पर शक करती थी पत्नी
दूसरी तरफ, मृतका के पति अमित पासवान ने दहेज हत्या के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। अमित का कहना है कि चंचला छोटी-छोटी बातों पर उस पर शक करती थी, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और अनबन होती रहती थी। पति के अनुसार, उसे इस बात की बिल्कुल जानकारी नहीं है कि चंचला ने जहर कहां से लाया और क्यों खाया।
ससुर बोले- परिवार में नहीं था कोई विवाद
चंचला के ससुर रामजी पासवान ने भी अपनी सफाई में कहा है कि परिवार में बहू के साथ किसी तरह का विवाद या दहेज की कोई मांग नहीं थी। उन्होंने बताया कि रात में सभी लोग खाना खाकर सो गए थे। अचानक देर रात बेटे ने जगाकर घटना की जानकारी दी। आनन-फानन में चंचला को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। भगवानपुर थानाध्यक्ष चंद्र शेखर शर्मा ने बताया कि पुलिस मायके और ससुराल, दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की बारीकी से जांच कर रही है। दहेज हत्या के आरोपों की भी तफ्तीश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#KaimurNews #BiharNews #KaimurPolice #CrimeNewsBihar #BhabuaNews #DowryDeath #InstagramLoveStory #BiharCrime #HindiNews #LatestNewsBihar #AurangabadBihar #MundeshwariDham
�� आज की खास डील्स व ऑफर्स (Sponsored)