कैमूर: रामगढ़ में आर्मी जवान की मौत पर सांसद सुधाकर सिंह ने उठाए सवाल, प्रशासन की कार्यशैली को बताया कटघरे में
September 18, 2026
| रिपोर्टर: परवेज़ खान
कैमूर (भभुआ):कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के बाद हमेशा अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने जिला प्रशासन की कार्यशैली और सूबे की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस-प्रशासन की लचर कार्यशैली के कारण अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है।
जमीन विवाद में जवान को जिंदा जलाया गया था
बता दें कि रामगढ़ थाना क्षेत्र के साहूका गांव निवासी आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव पर जमीन विवाद और 16 लाख रुपये के बकाया को लेकर कुछ लोगों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। गंभीर रूप से झुलसे जवान का लखनऊ के सैन्य अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां उनकी मौत हो गई। जवान की मौत के बाद ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश है और वे दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सांसद सुधाकर सिंह ने गिनाईं रामगढ़ की घटनाएं
बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने रामगढ़ की हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि, "कभी दिनदहाड़े किसी व्यक्ति पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी जाती है, तो कभी संदिग्ध परिस्थितियों में सिर कटा शव बरामद होता है।"
सांसद ने सीधे तौर पर पुलिस प्रशासन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि कई मामलों में पैसे के लेन-देन कर मामलों को रफा-दफा करने या दबाने की शिकायतें आती हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना गहरी होती जा रही है।
देश का जवान अपने गांव में सुरक्षित नहीं: सांसद
आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव की मौत को अत्यंत दुखद और निंदनीय बताते हुए सुधाकर सिंह ने कहा, "देश की सरहदों की हिफाजत करने वाला जवान अगर अपने ही गांव में सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है?" उन्होंने इस घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
जवान की मौत के बाद मामला लगातार सुर्खियों में है। ग्रामीण आक्रोशित हैं और राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। हालांकि, सांसद के इन आरोपों पर फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इस बीच, कैमूर पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इस दर्दनाक हत्याकांड में शामिल 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
#Tags:
#KaimurNews #BuxarMP #SudhakarSingh #ArmyJawanDeath #RamgarhNews #BiharPolitics #KaimurPolice #BiharNews #CrimeInBihar #Bhabua
�� आज की खास डील्स व ऑफर्स (Sponsored)