मोहनियां/कैमूर: CSP संचालक को गोली मारकर 3 लाख लूटने वाला मुख्य आरोपित मोहनियां से गिरफ्तार
September 27, 2026
| रिपोर्टर: परवेज़ खान
स्थान: कैमूर (मोहनियां)औरंगाबाद के फेसर थाना क्षेत्र में एक सीएसपी (CSP) संचालक को गोली मारकर तीन लाख रुपये और लैपटॉप लूटने वाले आरोपित को पुलिस ने कैमूर के मोहनियां से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान औरंगाबाद जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र स्थित अकोढ़ी मेला गांव निवासी मदन कुमार के पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके पास से लूटकांड में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है।
ओवरटेक कर दिया था वारदात को अंजाम
यह घटना औरंगाबाद के फेसर थाना क्षेत्र में बढ़ई बिगहा और पिरौटा गांव के बीच हुई थी। बाइक सवार अपराधियों ने सीएसपी संचालक प्रदीप कुमार को रास्ते में ओवरटेक कर रोक लिया था। अपराधियों ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये नकद, लैपटॉप व अन्य जरूरी सामान लूट लिए। गंभीर रूप से घायल सीएसपी संचालक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था।
पटना मोड़ पर घेराबंदी कर दबोचा
घटना के बाद से औरंगाबाद पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वारदात में शामिल एक आरोपित बाइक से मोहनियां पहुंचा है। एसपी के निर्देश पर तुरंत मोहनियां थाना, कुदरा थाना और डीआईयू (DIU) की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया।
संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहनियां के पटना मोड़ के पास घेराबंदी की और संदिग्ध को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई। मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद औरंगाबाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे अपने साथ ले गई है।
#Tags:
#KaimurNews #Mohania #AurangabadNews #BiharPolice #BiharCrimeNews #CSPLootCase #LatestNewsBihar #CrimeNews #BiharJharkhandNews
�� आज की खास डील्स व ऑफर्स (Sponsored)