कैमूर में उर्वरक कालाबाजारी और अवैध री-पैकिंग का बड़ा भंडाफोड़: भारी मात्रा में यूरिया, डीएपी और ट्रक जब्त; संचालक पर FIR
September 13, 2026
| रिपोर्टर: परवेज़ खान
भभुआ (कैमूर): सोनहन-कुदरा रोड स्थित कुकराढ़ गांव के समीप जिला प्रशासन और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर औचक छापेमारी कर अवैध उर्वरक री-पैकिंग और कालाबाजारी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। मौके से कृषि यूरिया को इंडस्ट्रियल टेक्निकल ग्रेड में बदलने और नकली डीएपी (DAP) तैयार करने का खेल पकड़ा गया। प्रशासन ने भारी मात्रा में खाद की बोरियां और एक लोडेड ट्रक जब्त करते हुए संचालक के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है।
छापेमारी में जब्त सामग्री का ब्योरा:
•टेक्निकल ग्रेड यूरिया: 871 बोरियां (683 गोदाम से एवं 188 ट्रक पर लदी)
•डीएपी (DAP): 117 भरी हुई बोरियां
•संदिग्ध उर्वरक (DAP सदृश): लगभग 756 सफेद बोरियां (री-पैकिंग हेतु रखी गईं)
•खाली नए बैग: लगभग 1,000 यूरिया बैग और 700 डीएपी बैग
•वाहन: 1 भारी ट्रक (उर्वरक लदा हुआ)
खेती के यूरिया को इंडस्ट्रियल बैग में भरने का खेल
जांच में सामने आया कि गोदाम के अंदर किसानों के उपयोग वाले रियायती यूरिया को गैर-कृषि व इंडस्ट्रियल उपयोग में आने वाले टेक्निकल ग्रेड यूरिया के बैगों में अवैध रूप से री-पैक किया जा रहा था। साथ ही सफेद बैग में रखे संदिग्ध उर्वरक को नए डीएपी बैगों में भरकर बाजार में खपाने की तैयारी थी। जांच के दौरान यह गोदाम ‘माँ अंबे खाद भंडार’ के प्रोपराइटर आलोक श्रीवास्तव द्वारा संचालित पाया गया।
सोनहन थाने में केस दर्ज
किसानों के हक की खाद की कालाबाजारी पर सख्त रुख अपनाते हुए प्रशासन ने संपूर्ण सामग्री व वाहन को जब्त कर लिया है। संचालक एवं संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी धाराओं के तहत सोनहन थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु आवेदन दिया गया है। कृषि विभाग और पुलिस पूरे सिंडिकेट की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इस कार्रवाई के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी (भभुआ), जिला कृषि पदाधिकारी (कैमूर) और प्रखंड विकास पदाधिकारी (भभुआ) सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन की किसानों से अपील
जिला प्रशासन, कैमूर ने किसानों से केवल अधिकृत व पंजीकृत खुदरा विक्रेताओं से ही पीओएस (PoS) मशीन से पक्की रसीद लेकर खाद खरीदने की अपील की है। साथ ही प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कहीं भी उर्वरक की कालाबाजारी, मुनाफाखोरी, नकली खाद की बिक्री या अवैध भंडारण दिखे, तो तुरंत कृषि पदाधिकारी, बीडीओ या नजदीकी थाने को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
�� आज की खास डील्स व ऑफर्स (Sponsored)