पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने और PLI में भेदभाव खत्म करने की मांग को लेकर बैंक कर्मियों का जोरदार प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी।
September 11, 2026
| रिपोर्टर: परवेज़ खान
कैमूर -(भभुआ): - कैमूर जिले के भभुआ में शुक्रवार को बैंककर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया,यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बैनर तले सुबह करीब 10 बजे भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की भभुआ पीबीबी शाखा, कुबेर कॉम्प्लेक्स के बाहर बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर एक दिवसीय देशव्यापी प्रदर्शन में हिस्सा लिया,इस दौरान बैंककर्मियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव यानी PLI में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच कथित भेदभाव समाप्त करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की,
प्रदर्शन के दौरान बैंककर्मियों ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है,बैंक यूनियनों और भारतीय बैंक संघ (IBA) के बीच हुए वेतन समझौते में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को लेकर मार्च 2024 में मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन इसके बावजूद इसे अब तक लागू नहीं किया गया है,बैंककर्मियों का कहना है कि सप्ताह में पांच दिन काम की व्यवस्था लागू होने से कर्मचारियों को बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिलेगा और बैंकिंग सेवाओं की उत्पादकता पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा,
वहीं प्रदर्शनकारियों ने PLI को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की,बैंककर्मियों का आरोप है कि परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव में उच्च अधिकारियों और निचले स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के बीच अंतर किया जा रहा है, जो उनके अनुसार न्यायसंगत नहीं है, कर्मचारियों ने मांग की कि PLI की व्यवस्था में सभी स्तर के बैंककर्मियों के साथ समान और उचित व्यवहार किया जाए,
प्रदर्शन में शामिल SBISA के सासाराम कार्यालय क्षेत्र के ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी सोनू सिंह ने कहा कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह बैंककर्मियों की लंबे समय से चली आ रही जायज मांग है,उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर पहले भी बैंक यूनियनों की ओर से सरकार और संबंधित पक्षों के समक्ष अपनी बात रखी गई है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है,ऐसे में बैंककर्मियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है,
वहीं SBIOA के कैमूर जिला सचिव आतिश कुमार ने PLI के मुद्दे पर कहा कि उच्च अधिकारियों, विशेषकर स्केल-4 से ऊपर के अधिकारियों और निचले स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों के बीच किया जा रहा अंतर उचित नहीं है,उनका कहना है कि बैंकिंग व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में हर स्तर के अधिकारी और कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए प्रोत्साहन राशि की व्यवस्था भी न्यायसंगत और पारदर्शी होनी चाहिए,
बैंककर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महीनों से वार्ता और मांगों को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं निकलने की स्थिति में कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल जैसे कठोर कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे
फिलहाल बैंककर्मियों के इस प्रदर्शन से साफ है कि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह और PLI में समानता का मुद्दा आने वाले दिनों में और जोर पकड़ सकता है,यूनियनों ने सरकार और बैंक प्रबंधन से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर आंदोलन को समाप्त कराने की अपील की है।
�� आज की खास डील्स व ऑफर्स (Sponsored)