मोहनिया अस्पताल में संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव; कुर्सी पर बैठाकर अज्ञात महिला और दो साथी फरार, जांच में जुटी पुलिस
October 03, 2026
| रिपोर्टर: परवेज़ खान
कैमूर (मोहनिया):मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। मृतक की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के अमेठ गांव निवासी बाबूलाल शर्मा के पुत्र राजकुमार शर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
इलाज के बहाने अस्पताल लेकर पहुंचे, मौत के बाद हुए फरार
मोहनिया की जिला पार्षद गीता पासी ने बताया कि राजकुमार मुंबई में रहकर काम करता था और ट्रेन से अपने घर लौट रहा था। सफर के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई। इसी बीच एक अज्ञात महिला दो अन्य पुरुषों के साथ युवक को इलाज के बहाने मोहनिया अस्पताल लेकर पहुंची। उन लोगों ने युवक को अस्पताल की कुर्सी पर बैठाया। डॉक्टरों द्वारा जांच के बाद युवक को मृत घोषित करते ही तीनों मौका पाकर वहां से फरार हो गए।
मृतक के मोबाइल से परिजनों को दी सूचना, फिर फोन लेकर गायब
जाते-जाते महिला ने मृतक के ही मोबाइल फोन से उसके परिजनों को कॉल कर घटना की जानकारी दी और इसके बाद मोबाइल फोन लेकर मौके से चंपत हो गई। सुबह जब परिजनों को इस बात की खबर मिली, तो वे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे और स्थानीय पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और पुलिस बल मौके पर पहुंचे।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
स्थानीय ग्राम पंचायत के मुखिया दिनेश प्रसाद प्रजापति ने कहा कि शव का पंचनामा कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि युवक को अस्पताल पहुंचाने वाली महिला और उसके साथियों की शिनाख्त हो सके।
मोहनिया सर्किल इंस्पेक्टर सुनील कुमार निर्झर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, भभुआ भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश में जुटी है।
#KaimurNews #Mohania #CrimeNews #BiharNews #KaimurPolice #BiharCrime #BreakingNews #SuspiciousDeath #MohaniaHospital
�� आज की खास डील्स व ऑफर्स (Sponsored)