कैमूर में बकाया PF की मांग को लेकर भभुआ नगर परिषद के सफाई कर्मियों की हड़ताल, शहर में लगा गंदगी का अंबार
October 01, 2026
| रिपोर्टर: परवेज़ खान
कैमूर (भभुआ):कैमूर जिले के भभुआ नगर परिषद में बकाया भविष्य निधि (PF) समेत अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर सफाई कर्मी अचानक हड़ताल पर चले गए। सफाई कर्मियों ने नगर परिषद कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन हड़ताल का बोर्ड लगाकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया और कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया। एक दिन की हड़ताल के चलते पूरे शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई और प्रमुख सड़कों व सार्वजनिक स्थलों पर कूड़े-कचरे का भारी अंबार लग गया।
हालांकि, मौके पर पहुंचे नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) संजय उपाध्याय द्वारा दिए गए ठोस आश्वासन के बाद कर्मियों ने हड़ताल वापस ले ली है और शुक्रवार से काम पर लौटने का निर्णय लिया है।
2012 से 2019 तक का PF भुगतान बकाया
गुरुवार को भभुआ नगर परिषद के सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले सैकड़ों सफाई कर्मी नगर परिषद कार्यालय परिसर पहुंचे और काम बंद कर धरने पर बैठ गए। सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जलेंद्र राम, राकेश राम और चक्रवर्ती कुमार ने बताया कि कर्मियों के वेतन से अगस्त 2012 से जनवरी 2019 तक काटी गई भविष्य निधि (PF) की राशि का भुगतान आज तक नहीं किया गया है। अधिकारियों को बार-बार आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं निकला, जिसके कारण उन्हें मजबूरन हड़ताल का रास्ता चुनना पड़ा।
सफाई कर्मियों की प्रमुख 5 सूत्री मांगें:
बकाया PF का भुगतान: अगस्त 2012 से जनवरी 2019 तक काटी गई भविष्य निधि राशि का तत्काल भुगतान हो।
नियमित PF कटौती: प्रत्येक माह पीएफ की कटौती की राशि तय समय पर खाते में जमा की जाए।
०सुरक्षा उपकरण: सफाई कार्य के दौरान सभी सफाई कर्मियों को जरूरी सुरक्षा किट और उपकरण मुहैया कराए जाएं।
०समान काम का समान वेतन: सभी सफाई कर्मियों को सामान्य कार्य के लिए सामान्य वेतन दिया जाए।
०मेडिकल सुविधा: कार्य के दौरान दुर्घटना या घायल होने पर इलाज का पूरा खर्च नगर परिषद वहन करे।
सड़कों पर पसरी गंदगी, नागरिकों को हुई परेशानी
सफाई कर्मियों के कार्य बहिष्कार का सीधा असर पूरे भभुआ शहर पर दिखाई दिया। नियमित उठाव न होने से मुख्य बाजारों, चौक-चौराहों और रिहायशी इलाकों में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए। भीषण गंदगी और दुर्गंध से स्थानीय राहगीरों और दुकानदारों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी।
EO के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आंदोलन
हड़ताल की सूचना मिलते ही कार्यपालक पदाधिकारी (EO) संजय उपाध्याय धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारी कर्मियों से वार्ता की। ईओ ने स्पष्ट किया कि 2012 से 2019 तक के पीएफ बकाए को लेकर उच्च विभागीय अधिकारियों को पत्राचार किया जा चुका है।
ईओ ने कहा कि विभाग से कागजी प्रक्रिया पूरी करने के लिए लगभग एक महीने का समय मिला है। प्रक्रिया पूरी होते ही बकाया राशि का भुगतान करा दिया जाएगा। साथ ही, उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मियों को मिलने वाले किसी भी सरकारी लाभ या सुविधा को रोका नहीं जाएगा। इस आश्वासन के बाद सफाई कर्मियों ने आंदोलन समाप्त कर शुक्रवार से पुनः शहर की सफाई व्यवस्था संभालने की घोषणा की।
#KaimurNews #BhabuaNews #NagarParishadBhabua #SafaiKarmchariStrike #BiharNews #SwachhBharat #KaimurAdministration #BreakingNewsBihar
�� आज की खास डील्स व ऑफर्स (Sponsored)